सेलेक्टर्स ने सुधारी गलती, टीम इंडिया में लौटे ‘सिक्सर किंग’ रिंकू सिंह, साउथ अफ्रीका सीरीज से किया था बाहर Last Updated: December 20, 2025, 16:07 IST Rinku Singh Team India: टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू के बाद भारत के लिए मैच फिनिशर के रूप में उभरे स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है. उन्हें आगामी न्यूजीलैंड सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. रिंकू को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शामिल नहीं किया गया था. सेलेक्टर्स के इस फैसले पर काफी सवाल भी खड़े हुए थे. टीम इंडिया में लौटे रिंकू सिंह. नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 20 दिसंबर को आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान किया. सेलेक्टर्स ने कई बड़े फैसले लिए, जिसमें रिंकू सिंह भी शामिल रहे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका चयन न होने के बाद सेलेक्टर्स ने उनकी टीम में वापसी कराई है. रिंकू सिंह को टीम से बाहर करने के फैसले पर सेलेक्टर्स की कड़ी आलोचना हुई थी.
‘सिक्सर किंग’ रिंकू सिंह की वापसी
रिंकू सिंह ने जब से टीम इंडिया के लिए इस फॉर्मेट में डेब्यू किया है, वह मैच फिनिशर के रूप में उभरकर सामने आए हैं. कई मुकाबलों में उन्होंने तूफानी बैटिंग करते हुए भारत को जीत दिलाई है. रिंकू सिंह अपनी पावर हिटिंग के लिए जाने जाते हैं. उनका टी20 इंटरनेशनल में स्ट्राइक रेट 160 से ऊपर का है. लंबे-लंबे छक्के लगाना उनकी ताकत है. वह पहली ही गेंद से चौके-छक्के लगाकर पांचवें गियर में बल्लेबाजी कर सकते हैं.
टीम इंडिया में लौटे रिंकू सिंह.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में जगह न मिलने के बाद रिंकू सिंह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गर्दा उड़ाते नजर आए. उन्होंने यूपी के लिए खेलते हुए कई मैचों में तूफानी बैटिंग से तहलका मचाया. भले ही उनके बल्ले से सिर्फ एक ही अर्धशतक निकला, लेकिन रिंकू ने अपनी तेज-तर्रार पारियों से मैच फिनिशर की भूमिका निभाई. रिंकू चंद गेंदों में मुकाबले का पासा पलटकर रख सकते हैं.
चौका लगाकर जिताई एशिया कप ट्रॉफी
रिंकू सिंह इसी साल एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे. उन्हें पूरे टूर्नामेंट में मौका नहीं मिला, लेकिन फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पंड्या के चोटिल होने से प्लेइंग-11 में शामिल किया गया. रोमांचक मुकाबले में रिंकू सिंह आखिरी ओवर में क्रीज पर आए थे. उन्होंने एक गेंद का सामना करते हुए चौका लगाया, जिससे भारत ने नौवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी जीती.
रिंकू सिंह
रिंकू का T20I करियर
रिंकू सिंह के टी20 इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्हें आईपीएल 2023 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम के लिए डेब्यू का मौका मिला. इसके बाद से ही वह बल्ले से धमाल मचा रहे हैं. निचले क्रम में आकर रिंकू अपनी तूफानी बैटिंग से रनों का अंबार लगा देते हैं. अब तक खेले 35 टी20 मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 161.76 का है, जो दर्शाता है कि वह कितने घातक बल्लेबाज हैं. उन्होंने तीन अर्धशतकों के साथ 550 रन बनाए हैं. नाबाद 69 रन उनका बेस्ट स्कोर है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 को जिताने में रिंकू अहम भूमिका निभा सकते हैं.
न्यूजीलैंड टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह. About the Author Shivam Upadhyay नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें Location : New Delhi, New Delhi, Delhi First Published : December 20, 2025, 15:40 IST homecricket सेलेक्टर्स ने सुधारी गलती, टीम इंडिया में लौटे ‘सिक्सर किंग’ रिंकू सिंह