युवती को ऑफिस बुलाने के लिए सीने पर ब्लेड मार सेल्फी भेजी; नहीं आई तो लगाई फांसी

नई दिल्ली.संगम विहार इलाके में केबल ऑपरेटर के ऑफिस में काम करने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पहले वह एक युवती से लगातार फोन पर संपर्क में था। शराब पीने के बाद उसने अपने सीने पर ब्लेड से वार कर उसे सेल्फी भी भेजी, इसके बाद भी युवती आने को राजी नहीं हुई तो उसने यह कदम उठाया।
घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ। मृतक की पहचान 36 वर्षीय लक्ष्मी नारायण के तौर पर हुई, जो जेजे कैंप तिगड़ी क्षेत्र में रहता था। जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन उसके मोबाइल में उस युवती से प्यार में डूबी चैटिंग जरूर मिलीं।
युवती को इमोशनल ब्लैकमेल कर कर रहा था शख्स :
पुलिस के मुताबिक घटना नीम चौक, काली मंदिर के नजदीक जे स्वामी केबल के ऑफिस में हुई। युवक ने केबल के तार का फंदा बनाया था। उसकी शादी 16 साल पहले हुई थी और उसके दो बेटे हैं। वह एक युवती से लंबे समय से रिलेशनशिप में था। युवती भी शादीशुदा है लेकिन पति से अलग रहती है।
शुक्रवार रात युवक ने ऑफिस में ठहरकर शराब पी। वह अपनी फ्रैंड से वाट्सएप चैट और फोन पर बात कर रहा था। पुलिस ने बताया कि चैटिंग से पता चला मृतक इस युवती को अपने ऑफिस बुलाना चाहता था, लेकिन वह राजी नहीं थी। इससे परेशान होकर और युवती को इमोशनल ब्लैकमेल करने के लिए उसने अपने सीने पर ब्लेड मार उसे सेल्फी भी भेजी। फिर भी युवती राजी नहीं हुई तो उसने नशे में फांसी लगा ली।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today




