रात में पति-पत्नी में हुआ झगड़ा, सुबह मां और बच्चों का गला कटा मिला

नई दिल्ली.मालवीय नगर के हौजरानी इलाके में घर के अंदर 3 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। उसका डेढ़ साल का छोटा भाई और मां का भी गला कटा मिला। शनिवार सुबह इस घटना का पता चलने पर अचेत हालत में पड़ोसियों ने इन तीनों को मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टर ने सना नाम की बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें
नहीं रुक रहा बुजुर्गों पर अपराध का सिलसिला, 10 दिन में दूसरी बार बुजुर्ग महिला की हत्या
पुलिस जांच में पता चला कि बीती रात दंपति के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद महिला का पति पुराने घर चला गया था। अभी महिला और डेढ़ साल का बेटा आईसीयू में भर्ती हैं। पुलिस ने मौका-ए-वारदात पर जांच की और घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। पुलिस ने इस केस में हत्या और हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरी तरफ महिला के पिता ने आरोप पति पर लगाए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख केस की जांच को आगे बढ़ा रही है।
पड़ोस की महिला घर पहुंची तो मचाया शोर :
दक्षिण जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्या ने बताया कि हौजरानी क्षेत्र में मकान नं. 89/2 की तीसरी मंजिल पर शमीम पत्नी मोहसिना और बेटी सना और बेटा अनस के साथ रहता है। 4 साल पहले मोहसिना से शादी हुई थी। इस फ्लैट में यह दंपति 4 माह पहले शिफ्ट हुआ था।
शनिवार दिन में 10.50 पर पुलिस को वारदात की सूचना मिली। सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने मोहसिना को जख्मी हालत में देखा था। उसकी चीख सुनलोग पहुंचे, जिसके बाद तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था :
तहकीकात में पता चला कि दंपति के बीच अक्सर झगड़ा रहता था। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, बात इतनी बढ़ गई थी कि शमीम घर छोड़ पुराने वाले घर सोने चला गया। पुराना घर फ्लैट के सामने है। घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम और फोरेन्सिक टीम ने जांच की।
घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। मोहसिना के पिता इशाक दिल्ली पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हैं। वर्तमान में पोस्टिंग साकेत कोर्ट में है। इशाक ने बताया उन्हें घटना की सूचना 1.11 बजे बेटी के जेठ सलीम ने थी।
कोई काम नहीं करता था शमीम :
मोहसिना के पिता इशाक ने शमीम पर आरोप लगाया कि वह बेटी के साथ मारपीट करता था। वह नशा करता है और कोई काम नहीं करता। इशाक का कहना है कि बेटी बच्चों पर कभी हमला नहीं कर सकती। दोनों बच्चे उसकी जान हैं। पुलिस वारदात के मद्देनजर दंपति के रिश्तों के पन्नों को खंगालने के लिए दोनों परिवार से बात कर रही है।
जानने की कोशिश की जा रही है आखिर दोनों के रिश्ते में किस बात को लेकर खटास चल रही थी। इस सिलसिले में महिला का पति शमीम भी जांच के दायरे में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
शराब पीने और बेरोजगार होने से घर में होती थी कलह :
शमीम व मोहसिना में झगड़े की 2 वजहें सामने आई हैं। एक शमीम बेरोजगार था और शराब पीता था। और देर रात घर पहुंचता था। मोहसिना के पिता वारदात में ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहरा रहे हों, लेकिन पुलिस जांच इशारा कर रही है कि यह कदम महिला ने खुद उठाया। लेकिन पुलिस को अभी मोहसिना के ठीक होने का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि शमीम 2 माह से बेरोजगार था। वह बार भी जाता था, जिसे लेकर मोहसिना ऐतराज करती थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today






