इस सीजन का सबसे सर्द दिन, पक्षियों के अस्पताल पहुंच रहे हैं ठंड से परेशान परिंदे
नई दिल्ली.दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप लोगों पर तो पड़ ही रहा है, बेघर बेजुबान पक्षियों को भी सता रही है। आलम यह है कि ठंड लगने के कारण रोजाना करीब 20 पक्षी अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें जंगली कबूतर और कौवों की तादाद ज्यादा है। पक्षियों को बुखार, सांस लेने में परेशानी के साथ ही लकवा भी मार रहा है। पक्षियों का इलाज उन्हें गर्म माहौल देकर और सांस के लिए ऑक्सीजन देकर किया जा रहा है।
पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में पक्षियों का बहुत पुराना अस्पताल चैरिटी बर्ड हॉस्पिटल है। बीते दो सप्ताह से यहां बीमार पक्षियों के पहुंचने की तादाद में बढ़ोतरी हुई। आम लोग ही इन पक्षियों को लेकर पहुंच रहे हैं। अस्पताल की ओर से बताया गया है कि ज्यादातर पक्षी लकवा मारने की वजह से अस्पताल पहुंचे हैं। वहीं बुखार पक्षियों को बुखार भी है। पक्षियों को ठंड से बचाने के लिए सभी को ऐसे वार्ड में रखा जा रहा है जहां हीटर का इंतजाम है ताकि तापमान ठीक रहे। कुछ को ऑक्सीजन भी दी जा रही है। इस वक्त ठंड की वजह से बीमार पक्षियों की तादाद करीब 80 है।
अस्पताल के प्रबंधक सुनील जैन ने बताया कि जिन पक्षियों को लकवा मारा हुआ है, उनका इलाज किया जा रहा है। जिन्हें कम लकवा है, उनका इलाज 3 महीने तक किया जाता है। वहीं ज्यादा वाले को ठीक होने में करीब 6 महीने लग जाते हैं। इन्हें विटामिन-ई और ताकत की अन्य दवाइयां दी जा रही हैं। जैन का कहना है कि पक्षी पानी पीने के लिए ठंडे पानी में उतर जाते हैं। प्रतिरोधक क्षमता कम होने से इन्हें लकवा मार जाता है। यहां कई बार लोग चुपके से सीढिय़ों में खरगोश और मुर्गे भी छोड़ जाते हैं, फिर हमें उनका इलाज करना पड़ता है। फिलहाल यहां दो खरगोश हैं जिन्हें लकवा मार गया है और एक मुर्गा है जो काफी बीमार है।
नए साल पर कम हो सकता है शीतलहर का प्रकोप :
एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 29-30 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में कहीं-कहीं बर्फ पड़ेगी। इसके बाद फिर एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएगा जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1-3 जनवरी के बीच कहीं-कहीं बारिश व बर्फ पड़ेगी। इसके बाद भी लगातार आने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से 4 जनवरी से 10 जनवरी के बीच भी पहाड़ों में बर्फ कहीं-कहीं जारी रहेगी। पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़ दें तो दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। 28-31 दिसंबर के बीच शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के अलावा मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान व पश्चिम यूपी में जारी रहेगी। जबकि 1 जनवरी से शीतलहर का प्रकोप थोड़ा घटेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today





