ठगों ने अब KBC के नाम का उठाया फायदा, कॉल कर कहते हैं- अमिताभ-मोदी ने चुना है आपका नंबर, जल्द मिलेगा 25 लाख का इनाम!

नोएडा।टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में 25 लाख रुपए जीतने का लालच देकर नोएडा में रहने वाले एक गरीब परिवार से करीब 37 हजार रुपए ठग लिए गए। यह परिवार सब्जी की ठेली लगाकर खर्चा चलाता है। ठगी को अंजाम देने के लिए जालसाजों ने केबीसी के शूटिंग सेट से लेकर सोनी टीवी पर प्रसारित केबीसी एपिसोड तक की एडिटिंग करके फर्जी वीडियो बनाया गया।
जालसाजों ने एक ऑफिस में रखे करोड़ों रुपए कैश का वीडियो बनाकर भी भेजा था। जिससे पीड़ित परिवार को इन पर भरोसा हो गया। जालसाजों ने 25 लाख रुपए कैश भेजे जाने के एवज में उसके टैक्स की मांग की। उन्होंने एडवांस में दो किस्तों में 37,200 रुपए मांगे। जालसाजों के झांसे में आकर महिला व उनकी बेटी ने घर में रखे एक-एक रुपए को जुटाया और कम पड़े तो पड़ोसियों से भी ब्याज पर उधार लिए। पैसे देने के बाद भी जब इन्हें कोई रकम नहीं मिली तब ठगी का एहसास हुआ। जालसाजों ने इस दौरान पाकिस्तान के भी नंबर से भी कई बार बात की जिससे पीड़ित परिवार परेशान है। पीड़ित महिला ने नोएडा सेक्टर-58 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जालसाजों ने कहा- आपका नंबर 25 नंबरों में से चुना है
ठगी की शिकार महिला समीना खातून नोएडा के विशनपुरा गांव में किराए पर रहती हैं। समीना ने बताया कि उनके मोबाइल पर 29 नवंबर को कौन बनेगा करोड़पति के नाम से वॉटसएप मैसेज आया था। उसमें लिखा था कि आपके नंबर को केबीसी महा करोड़पति एपिसोड के लिए 25 नंबरों में चुना गया है। इसके लिए आपको 25 लाख रुपए मिलेंगे। आपका कोड 1158 है। कोड एक्टिवेट कराने के 24 घंटे के भीतर आप लखपति बन जाएंगे। एक वीडियो भी भेजा था। जिसमें एक युवती केबीसी के एपिसोड में समीना का नंबर स्क्रीन पर दिखा रही थी।
वीडियो भेजकर बोले कि किसी को बताना नहीं
समीना की 7वीं में पढ़ने वाली बेटी ने बताया कि जब भी जालसाजों से फोन पर बात हुई तो हर बार कहते थे कि यह बात किसी को बताना नहीं। ऐसा करने पर आपको दिए कोड का इस्तेमाल करके वे आपका इनाम कैंसिल करा सकते हैं। जालसाजों ने केबीसी के शूटिंग सेट से लेकर उस ऑफिस का भी एक वीडियो भेजा जिसमें काफी करोड़ों रुपए रखे हुए हैं। इसे दिखाकर दोनों को झांसे में ले लिया। सेक्टर-58 थाना प्रभारी पंकज राय ने बताया कि मामला दर्ज करके सभी नंबरों की जांच की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today





